पीलीभीत में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मण्डल और अधिवक्ता संघ के नेतृत्व में व्यापारियों और अधिवक्ताओं ने अमेरिका द्वारा भारत पर लगाए गए अतिरिक्त 25% टैरिफ के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान अमेरिका और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई और अमेरिकी उत्पादों के पूर्ण बहिष्कार का ऐलान किया गया।
प्रदेश उपाध्यक्ष हंसराज गुलाटी ने कहा कि अगर अमेरिका ने यह टैरिफ वापस नहीं लिया तो भारत में अमेरिकी कंपनियों को कारोबार नहीं करने देंगे। उन्होंने डोनाल्ड ट्रंप को लताड़ते हुए कहा कि वह खुद तो रूसी तेल का उपयोग करते हैं और भारत पर दबाव बनाना चाहते हैं, लेकिन भारत किसी भी कीमत पर यह दबाव नहीं सहेगा। गुलाटी ने चेतावनी दी कि यदि अमेरिका ने अपने फैसले पर पुनर्विचार नहीं किया तो भारत पूरे देशभर में अमेरिकी उत्पादों का बहिष्कार करेगा।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि भारत की तेल आवश्यकताओं का 85% हिस्सा आयात पर निर्भर है, जिसमें से 40% रूस से आता है। ऐसे में भारत विकल्प के रूप में सऊदी अरब, यूएई, इराक और अफ्रीकी देशों से तेल आयात बढ़ा सकता है, भले ही लागत बढ़े। भारत विश्व व्यापार संगठन (WTO), BRICS, G20 जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी इस मुद्दे को उठा सकता है।
विरोध प्रदर्शन में नगर पालिका अध्यक्ष शैलेन्द्र गुप्ता, अधिवक्ता संघ अध्यक्ष संजय सक्सेना, सर्राफा संघ अध्यक्ष संजय गुप्ता, वरिष्ठ समाजसेवी अशोक खंडेलवाल, जाहिद खान, नवीन खंडेलवाल, दीपक अग्रवाल, राहुल जायसवाल, बलजीत सिंह खैरा, अमन नागी, मनोज गुप्ता सोना, सलमान खान, शाहजी खान समेत बड़ी संख्या में व्यापारी व अधिवक्ता शामिल रहे। सभी ने एक सुर में कहा कि भारत पर कोई दबाव नहीं चलेगा और टैरिफ के जवाब में भारत भी ठोस कदम उठाएगा।


