पीलीभीत जिले के बीसलपुर-गजरौला मार्ग पर सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। स्कूल छोड़ने जा रही मां और उसका पुत्र उस वक्त बाल-बाल बच गए, जब अचानक उनकी स्कूटी में आग लग गई और कुछ ही पलों में वह आग का गोला बन गई। हादसे के दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और मार्ग पर वाहनों की आवाजाही भी कुछ समय के लिए बाधित हो गई।
मामला दियोरिया कला कोतवाली क्षेत्र के ग्राम माधवपुर का है। यहां के निवासी वापू कुमार का पुत्र अभय कुमार नगर के एसआरएम इंटर कॉलेज में कक्षा 9 का छात्र है। सोमवार सुबह करीब सात बजे उसकी मां सरिता देवी अपने पुत्र को स्कूटी से विद्यालय छोड़ने के लिए घर से निकली थीं। जैसे ही वह बीसलपुर-गजरौला मार्ग पर शिव शक्ति धाम के पास पहुंचीं, अचानक स्कूटी से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते उसमें आग भड़क गई।
आग लगते ही सरिता देवी ने समझदारी दिखाते हुए तुरंत स्कूटी रोक दी और खुद तथा अपने पुत्र को सुरक्षित कूदकर बाहर कर लिया। इस दौरान दोनों पूरी तरह सुरक्षित रहे। चंद ही मिनटों में स्कूटी आग के गोले में तब्दील हो गई और आसपास के लोग दहशत में आ गए। सड़क पर दोनों ओर वाहनों की आवाजाही रुक गई और लोग मदद के लिए इकट्ठा हो गए।
स्थानीय निवासी रामनिवास ने तत्काल फायर ब्रिगेड केंद्र को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि स्कूटी पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
इस दुर्घटना के बाद लोगों ने राहत की सांस ली कि सरिता देवी और उनका पुत्र समय रहते स्कूटी से उतर गए, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। क्षेत्रवासियों ने आग की सूचना तुरंत देने वाले रामनिवास की तत्परता और सरिता देवी की सूझबूझ की सराहना की।
फिलहाल हादसे से किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है लेकिन स्कूटी पूरी तरह नष्ट हो गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाओं में सतर्कता और त्वरित निर्णय ही जान बचा सकते हैं।


