पीलीभीत की पूरनपुर तहसील क्षेत्र के राघवपुरी गांव में गुरुवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को दहला कर रख दिया। गांव निवासी सुलहा सिंह उर्फ सुखविंदर सिंह का 30 वर्षीय पुत्र मोहन सिंह मगरमच्छ का शिकार बन गया। जानकारी के मुताबिक, मोहन अपने पिता के साथ खेत पर जा रहा था, जहां बाढ़ का पानी भरा हुआ था। तभी अचानक पानी के भीतर छिपे एक विशाल मगरमच्छ ने मोहन पर हमला कर दिया और उसे देखते ही देखते पानी में खींच ले गया।
यह खौफनाक मंजर मोहन के पिता ने अपनी आंखों से देखा, लेकिन कुछ कर पाने में वे असमर्थ रहे। शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक मगरमच्छ मोहन को लेकर गायब हो चुका था। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना प्रशासन और पुलिस को दी, जिसके बाद खोजबीन का अभियान चलाया गया।
गुरुवार को देर शाम तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका। घटना की सूचना पाकर एसडीएम ने मौके पर जानकारी ली और बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। एसडीएम ने बताया कि रेस्क्यू टीम को सतर्क किया गया है और तलाशी अभियान जारी है। थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि युवक की गुमशुदगी दर्ज की गई है और खोजबीन जारी है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद मोहन के वृद्ध माता-पिता बदहवासी की हालत में हैं। बेटे को अपनी आंखों के सामने मगरमच्छ का निवाला बनते देखना उनके लिए किसी सदमे से कम नहीं है। गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है और लोग परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं।ग्रामीणों ने प्रशासन से इलाके में सक्रिय मगरमच्छों की रोकथाम और सुरक्षा के उपाय सुनिश्चित करने की मांग की है।
(नाजिम खान की रिपोर्ट)


