oplus_0
पीलीभीत के आसाम चौहराहे पर स्थित बदनाम स्वीट्स की दुकान पर शनिवार को राखी पर्व पर मिठाई में कीड़ा निकलने का मामला तूल पकड़ गया। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के जिला उपाध्यक्ष दशरथ ने दुकान से बर्फी खरीदी थी। आरोप है कि बर्फी में कीड़ा निकल आया। इसकी शिकायत जब उन्होंने दुकान स्वामी डालचंद सक्सेना से की, तो गलती मानने के बजाय उन्होंने तेज आवाज में बात करनी शुरू कर दी।
मामले की खबर फैलते ही भारतीय किसान यूनियन के तमाम पदाधिकारी दुकान के बाहर इकट्ठा हो गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान मौके पर माहौल गरमाता चला गया। किसान नेताओं का आरोप था कि दुकान पर मानकविहीन व घटिया मिठाई बेची जा रही है और फूड सेफ्टी विभाग की मिलीभगत से खुलेआम स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है।
सूचना मिलने पर सुनगढ़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से बातचीत की। वहीं, दुकान स्वामी डालचंद सक्सेना ने किसान नेताओं पर गुंडागर्दी का आरोप लगाया। दोनों पक्षों में तीखी बहस होने लगी, जिसके बीच दुकान स्वामी ने ‘व्यापार मंडल जिंदाबाद’ के नारे लगाए। इसके जवाब में किसान नेताओं ने भी जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी।
पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाते रहे। किसान यूनियन ने चेतावनी दी कि यदि मानकविहीन मिठाई की बिक्री पर रोक नहीं लगी तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करेंगे। वहीं व्यापारी पक्ष का कहना है कि यह उनके व्यवसाय को बदनाम करने की साजिश है। पुलिस ने स्थिति को शांत कराते हुए मामले की रिपोर्ट तैयार कर आगे की कार्रवाई का आश्वासन दिया।
राखी के त्योहार पर मिठाई में कीड़ा निकलने की यह घटना शहर में चर्चा का विषय बनी हुई है, वहीं लोग मिठाई की गुणवत्ता पर सवाल उठा रहे हैं।


