पीलीभीत की पूरनपुर तहसील में तहसीलदार हबीब उर रहमान अंसारी का बीसलपुर स्थानांतरण होने के बाद पूरनपुर में अधिकारियों के खिलाफ प्रदर्शन करने वाले तमाम वकील संतुष्ट नजर आ रहे हैं।अधिवक्ता मंगलवार से काम पर वापस लौटेंगे और पूरनपुर के सभी न्यायालय में काम होगा।
दरअसल शनिवार को पूरनपुर में अधिवक्ताओं ने तहसीलदार पर गंभीर आरोप लगाकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। अधिवक्ताओं ने बताया कि पट्टेदारो को पांच साल बाद भी भूमिधरी का अधिकार नहीं मिल पाया है और बगैर सुविधा शुल्क वसूले प्रशासनिक काम नहीं हो रहा है। कई बार भ्रष्टाचार की शिकायतें दी गईं लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ। प्रदर्शन में अधिवक्ताओं ने तहसीलदार के तबादले तक आन्दोलन जारी रखने की चेतावनी दी और सोमवार से न्यायालयों में काम छोड़कर हड़ताल पर रहने का निर्णय लिया गया। इस दौरान प्रगतिशील अधिवक्ता एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय सक्सेना और उपाध्यक्ष संजय पांडे ने नेतृत्व किया।
हालांकि, अधिवक्ताओं के लगातार विरोध के चलते जिला प्रशासन ने शनिवार ही तहसीलदार हबीब उर रहमान का पूरनपुर से बीसलपुर में तबादला कर दिया। उनके स्थान पर आशीष गुप्ता को पूरनपुर तहसील का नया तहसीलदार नियुक्त किया गया। इस बदलाव के बाद अधिवक्ताओं में संतोष व्याप्त है और उन्होंने मंगलवार से पुनः पूरनपुर तहसील के सभी न्यायालयों में काम पर लौटने का फैसला किया है। प्रगतिशील अधिवक्ता एसोसिएशन के उपाध्यक्ष संजय पांडे ने इस पुष्टि की।


