पीलीभीत में भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के आह्वान पर मंगलवार को पीलीभीत में भव्य ट्रैक्टर तिरंगा यात्रा निकाली गई। यह यात्रा मंडल अध्यक्ष सतविंदर सिंह और प्रदेश उपाध्यक्ष (पश्चिम उत्तर प्रदेश) यशवंत सिंह उर्फ चिंटू के नेतृत्व में आयोजित हुई। सैकड़ों की संख्या में जिले के विभिन्न इलाकों से आए किसान अपने-अपने ट्रैक्टरों पर तिरंगा लहराते हुए यात्रा में शामिल हुए।
यात्रा सुबह पीलीभीत मंडी परिसर से शुरू होकर नारेबाजी और देशभक्ति गीतों के बीच कलेक्ट्रेट की ओर बढ़ी। जैसे-जैसे यात्रा आगे बढ़ी, शहर की सड़कों पर किसानों का हुजूम उमड़ पड़ा। यात्रा में शामिल किसानों का उत्साह देखते ही बन रहा था। कई किसान अपने ट्रैक्टरों पर बड़े आकार के तिरंगे और बैनर लगाए हुए थे।
कलेक्ट्रेट पहुंचने पर प्रशासन ने सुरक्षा के दृष्टिगत मुख्य द्वार पर बैरिकेडिंग लगाकर किसानों को रोकने का प्रयास किया। हालांकि, किसानों के जोश के आगे बैरिकेडिंग टिक न सकी और कुछ किसानों ने उसे तोड़ दिया। इस दौरान माहौल में हल्का तनाव भी देखने को मिला, लेकिन पुलिस और पदाधिकारियों ने स्थिति संभाल ली।
यात्रा में जिले के सभी तहसीलों से किसान भारी संख्या में पहुंचे थे। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल के साथ-साथ प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की गई थी। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने जगह-जगह सुरक्षा घेरे बनाए।
कलेक्ट्रेट के बाहर सभा के बाद किसान नेताओं ने राष्ट्रपति के नाम संबोधित एक ज्ञापन मजिस्ट्रेट को सौंपा। ज्ञापन में किसानों की विभिन्न मांगों और समस्याओं का उल्लेख करते हुए सरकार से शीघ्र समाधान की मांग की गई।
किसान नेताओं का कहना था कि उनकी मांगें पूरी होने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। फिलहाल, पुलिस बल की मौजूदगी में किसान शांतिपूर्वक अपने-अपने गांवों को लौट गए।


