पीलीभीत जनपद के जहानाबाद थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। विसेन गांव के पास तेज रफ्तार आ रही फॉर्च्यूनर ने सामने से आ रहे टेंपो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेंपो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गया। हादसे में 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 5 अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार टेंपो जहानाबाद से अमरिया की ओर जा रहा था, तभी अमरिया की दिशा से आ रही तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर ने उसे सीधी टक्कर मार दी। हादसे में टेंपो चालक विजय पुत्र लीलाधर (30), हमजा पुत्र सुल्तान (2 वर्ष), राजदा पत्नी अल्ताव (45 वर्ष), और जानेसार पुत्र जागीर शाह (15 वर्ष) और फरीदा की मृत्यु हो गई। मृतकों में एक ही परिवार की नानी और नाती भी शामिल हैं, जिससे गांव का माहौल गमगीन है।
हादसे में परवेज, मुस्कान, सहरीना और फैजुल समेत 5 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों के अनुसार घायलों की हालत अभी गंभीर बनी हुई है और उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर भी किया जा सकता है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतनी भीषण था कि फॉर्च्यूनर के सभी एयरबैग खुल गए थे। इसके बावजूद फॉर्च्यूनर सवार लोग मौके से फरार हो गए। पुलिस ने वाहन कब्जे में लेकर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
गांव में 5 मौतों की खबर लगते ही कोहराम मच गया। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों का कहना है कि तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण आए दिन इस मार्ग पर हादसे हो रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर निगरानी बढ़ाने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।


