oplus_1048576
पीलीभीत में विश्व हिंदू रक्षा परिषद के कार्यकर्ताओं ने करणी सेना के साथ मिलकर टनकपुर हाईवे जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन विश्व हिंदू रक्षा परिषद के जिला अध्यक्ष यशवंत सिंह और अन्य कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज मुकदमे के विरोध में किया गया।
बताया जा रहा है कि हाल ही में एक गौशाला निरीक्षण के दौरान प्रधान की ओर से परिषद पदाधिकारियों पर मारपीट और रंगदारी मांगने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया गया था। इसी मामले को फर्जी बताते हुए कार्यकर्ताओं ने शनिवार को हाईवे पर उतरकर जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि मुकदमा निराधार है और अधिकारियों के दबाव में प्रधान ने यह कार्रवाई कराई है।
हाईवे जाम की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस बल पहुंच गया। प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं को समझाने-बुझाने का प्रयास किया गया, लेकिन जब वे नहीं माने तो पुलिस ने सख्ती दिखाई। इस दौरान सीओ सिटी दीपक चतुर्वेदी मौके पर पहुंचे और उन्होंने साफ चेतावनी दी कि किसी भी कीमत पर सड़क जाम नहीं होने दिया जाएगा।
सीओ के निर्देश पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए विश्व हिंदू रक्षा परिषद के जिला अध्यक्ष यशवंत सिंह और एक अन्य पदाधिकारी धर्मेंद्र चौहान को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने बाकी प्रदर्शनकारियों को खदेड़ दिया। प्रदर्शनकारियों पर आरोप है कि वे मुकदमा खत्म कराने को लेकर प्रशासन पर दबाव बना रहे थे।
जाम की वजह से करीब 30 मिनट तक हाईवे पर यातायात बाधित रहा और लंबा जाम लग गया। यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। हालांकि पुलिस के हस्तक्षेप के बाद धीरे-धीरे ट्रैफिक सुचारू कर दिया गया।
फिलहाल पुलिस ने जाम लगाने और शांति भंग करने के मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।


