पीलीभीत के गजरौला कला क्षेत्र के बिठौरा कला गांव में बीती रात मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने एक मंदबुद्धि युवक को चोर समझकर न केवल बेरहमी से पीटा, बल्कि उसे खंभे से बांधकर पुलिस के हवाले कर दिया। इस दौरान युवक लगातार अपनी बेगुनाही की दुहाई देता रहा, लेकिन भीड़ ने उसकी एक भी बात सुनने से इनकार कर दिया।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर को यह युवक सराय क्षेत्र के पास घूमता हुआ देखा गया था। देर रात जब वह बिठौरा कला गांव में दिखाई दिया, तो कुछ लोगों को उस पर चोरी का शक हो गया। बिना किसी सबूत या पुष्टि के ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया और लाठी-डंडों से पीटना शुरू कर दिया। इस दौरान मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है।
ग्रामीणों ने पिटाई के बाद युवक को बिजली के खंभे से बांध दिया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़ित की पहचान दलेलगंज निवासी 32 वर्षीय राजू के रूप में हुई है, जो मानसिक रूप से मंदबुद्धि है और अक्सर गांव-गांव घूमता रहता है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने कहा कि घटना संज्ञान में आई है,जांच की जा रही है।इस घटना ने भीड़ द्वारा न्याय के नाम पर हिंसा करने की प्रवृत्ति को एक बार फिर उजागर कर दिया है। बिना जांच-पड़ताल के किसी को अपराधी मानकर इस तरह पीटना न केवल कानून के खिलाफ है, बल्कि इससे निर्दोष लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती है। प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस को दें और कानून अपने हाथ में न लें।


