पीलीभीत के सेहरामऊ थाना क्षेत्र के गांव बरगदिया में रविवार देर रात चोरी के प्रयास के दौरान गोली चलने से एक युवक घायल हो गया। जानकारी के अनुसार, बरगदिया निवासी अनिल कुमार पुत्र वीरेंद्र सिंह के घर में रात लगभग 12 बजे चोर घुस आए। घर में मौजूद लोगों को हलचल का आभास हुआ तो उन्होंने शोर मचाया। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। भीड़ को देखकर चोर भागने लगे, लेकिन पीछा करने पर एक चोर ने अचानक गोली चला दी।
गोली अनिल कुमार के हाथ में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली चलने की आवाज से पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। घायल को प्राथमिक उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
ग्रामीणों का कहना है कि हाल के दिनों में पुलिस चोरों के संबंध में फैली अफवाहों को लेकर गांव-गांव जागरूकता अभियान चला रही है, लेकिन इस तरह की घटनाएं सामने आने से लोगों में भय का माहौल है। उनका सवाल है कि अगर चोरी और चोरों को लेकर की जाने वाली चर्चाएं केवल अफवाह हैं तो इस प्रकार की वारदातें कैसे घटित हो रही हैं।
ग्रामीणों ने रात्रि गश्त की प्रभावशीलता पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि पुलिस की गश्त अगर सक्रिय होती तो चोर गांव में घुसकर वारदात करने का प्रयास न करते।
सीओ पूरनपुर प्रतीक दहिया ने बताया कि पुलिस को घटनाक्रम की जानकारी मिलते ही टीम मौके पर भेजी गई है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि दोषियों को जल्द पकड़कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस वारदात के बाद से गांव में दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है।


