पीलीभीत में तेज मूसलाधार बारिश का दौर चौथे दिन भी जारी है, जिससे शहर के कई हिस्सों में जल भराव और जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
गुरुवार, शुक्रवार, शनिवार के बाद रविवार को सुबह करीब 3 बजे से शहर में लगातार तेज बारिश हो रही है। स्टेशन रोड, रंगलाल चौराहा, वार्ड नंबर 15 समेत जिले के विभिन्न हिस्सों में पानी भर गया है। जल भराव से परेशान स्थानीय लोगों ने ड्रेनेज सिस्टम की विफलता पर सवाल उठाए हैं। सड़कों पर जल भराव के कारण राहगीरों को गंदे, बदबूदार पानी में से होकर गुजरना पड़ रहा है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी चिंता भी बढ़ गई है।

बाढ़ की आशंका, प्रशासन सतर्क
लगातार हो रही बारिश के बाद देवहा और शारदा नदी उफान पर आ गई हैं। बैराज से पानी छोड़े जाने के बाद जिले में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन टीमें अलर्ट मोड पर हैं और निचले इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है। बढ़ चौकिया क्षेत्र को भी विशेष निगरानी में रखा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
तापमान में गिरावट और मौसम का पूर्वानुमान
चार दिनों से लगातार हो रही बारिश के बाद जिले के तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल अधिकतम तापमान 26°C से 28°C तथा न्यूनतम 21°C के आस-पास रह सकता है। आगामी दिनों में बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना है। मौसम अधिकारियों के अनुसार, अगले 48 घंटों तक जिले का मौसम ठंडा और उमस भरा बना रहेगा। बाढ़ की आशंका को देखते हुए प्रशासन और नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
घरों में घुसा पानी
पीलीभीत में लगातार हो रही बारिश के बाद रविवार को शहर की बल्लभ नगर कॉलोनी,स्टेशन रोड,समेत कई इलाकों में बारिश का पानी लोगो के घरों में घुस गया। जिसके कारण लोग काफी परेशान नजर आए।




